Chemotherapy day-care unit ready at Vidisha Medical College

विदिशा: मध्य प्रदेश के विदिशा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट तैयार हो गई है। मंगलवार को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन करेंगे।

नई सुविधा शुरू होने के बाद निर्धारित उपचार प्रोटोकॉल के तहत कीमोथेरेपी की जरूरत वाले कैंसर मरीजों को विदिशा में ही उपचार मिल सकेगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों को बार-बार भोपाल, मुंबई और अन्य बड़े शहरों की यात्रा करने से राहत मिलने की उम्मीद है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. मनीष निगम के अनुसार, यूनिट में उन्हीं मरीजों की कीमोथेरेपी की जाएगी, जिनके लिए टाटा मेमोरियल, एम्स और जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल जैसे प्रमुख संस्थानों के विशेषज्ञों ने दवा और उपचार का प्रोटोकॉल निर्धारित किया है।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में फिलहाल कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में अस्पताल अपनी ओर से उपचार प्रोटोकॉल में कोई बदलाव नहीं करेगा। डे-केयर मॉडल के तहत विशेषज्ञों द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मरीजों को कीमोथेरेपी दी जाएगी।

इस सुविधा का लाभ विदिशा के साथ आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को भी मिलने की उम्मीद है। इससे मरीजों और उनके परिजनों का यात्रा में लगने वाला समय और अतिरिक्त खर्च कम होगा तथा कीमोथेरेपी के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता घटेगी।