Main accused teacher arrested in Buxar for allegedly raping minor girl student

हेडमास्टर समेत तीन शिक्षकों पर POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी, वीडियो की जांच में जुटी FSL टीम

बक्सर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नथुनी अहीर का डेरा स्थित सरकारी विद्यालय में नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म और वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी शुभम आर्य ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने पूरी रात संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. इमाम अली अंसारी, शिक्षक अरविंद कुमार और शिक्षक बीरेंद्र कुमार के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक अन्य शिक्षक समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं, एक आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच में कथित वीडियो को अहम साक्ष्य माना जा रहा है। वीडियो कहां बनाया गया और इसकी पूरी कड़ी क्या है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने रातभर आधा दर्जन से अधिक होटलों में छापेमारी की। हालांकि, अभी तक उस होटल के कमरे की पुख्ता पहचान नहीं हो सकी है। वीडियो के स्रोत, उसे वायरल करने वाले व्यक्ति और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के लिए FSL टीम को भी लगाया गया है। पुलिस पूरे मामले में तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों को जुटाकर जांच आगे बढ़ा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभम आर्य खुद कृष्णाब्रह्म थाना पहुंचे और जांच की मॉनिटरिंग की। एसपी ने कहा है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम लगातार काम कर रही है।

GNSU Admission Open 2026