Jagriti Times' report impacts work on Mohania Trauma Centre building resumes

दो दिन बाद निर्माण कार्य में आई तेजी, जल्द मिल सकती है आधुनिक चिकित्सा सुविधा

मोहनिया। अनुमंडल अस्पताल मोहनिया में लंबे समय से बंद पड़े ट्रॉमा सेंटर भवन के निर्माण कार्य को लेकर प्रकाशित जागृति टाइम्स की खबर का असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के बाद ट्रॉमा सेंटर भवन में दोबारा काम शुरू हो गया है। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में अब जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। दरअसल, जागृति टाइम्स के कैमूर संवाददाता मीर जलालुद्दीन ने अनुमंडल अस्पताल परिसर में तैयार ट्रॉमा सेंटर भवन के बंद पड़े काम को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इसी दौरान कैमूर डीएम कुमार अनुराग अनुमंडल अस्पताल मोहनिया के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। डीएम से भी ट्रॉमा सेंटर के निर्माण कार्य बंद होने को लेकर सवाल किया गया था। जागृति टाइम्स के रिपोर्टर के सवाल पर डीएम कुमार अनुराग ने मामले की जानकारी लेने के लिए अगले दिन बैठक बुलाने और निर्माण कार्य में आ रही समस्या का पता लगाने की बात कही थी। इसके करीब दो दिन बाद ही भवन में दोबारा काम शुरू हो गया। ट्रॉमा सेंटर के तैयार होने के बाद सड़क हादसों और गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे मोहनिया सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों में ले जाने की परेशानी से राहत मिल सकती है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने भी इसे सकारात्मक पहल बताया है। अब लोगों की नजर ट्रॉमा सेंटर के निर्माण कार्य के जल्द पूरा होने और इसे मरीजों के लिए शुरू किए जाने पर है।

GNSU Admission Open 2026