Major action against child labour in Jagdalpur, 8 minor girls rescued from under-construction building

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बाल श्रम के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत पर छापेमारी कर टीम ने जोखिम भरे काम में लगी आठ नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित मुक्त कराया। सभी बालिकाओं को आगे की वैधानिक प्रक्रिया और पुनर्वास के लिए चाइल्ड लाइन के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

गुप्त सूचना पर निर्माण स्थल पर छापा

मिली जानकारी के अनुसार सिटी ग्राउंड के सामने हाउसिंग बोर्ड की बहुमंजिला इमारत का निर्माण चल रहा है। निर्माण स्थल पर नाबालिग बालिकाओं से मजदूरी कराए जाने की सूचना मिलने के बाद शनिवार देर शाम जिला पुलिस, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टास्क फोर्स ने अचानक छापेमारी की।

GNSU Admission Open 2026

कार्रवाई का नेतृत्व मानव तस्करी निरोधक इकाई के जिला नोडल अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक ने किया। जांच के दौरान टीम को निर्माण स्थल पर आठ नाबालिग बालिकाएं जोखिमपूर्ण कार्य करती हुई मिलीं।

सभी बालिकाएं बस्तर जिले की निवासी

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी बालिकाएं बस्तर जिले की रहने वाली हैं। टीम ने बिना देरी किए उन्हें निर्माण स्थल से मुक्त कराया और सुरक्षा एवं संरक्षण की प्रक्रिया के तहत चाइल्ड लाइन के समक्ष पेश किया।

प्रशासन की ओर से बालिकाओं के पुनर्वास और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ठेकेदार और एजेंसी पर होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से बाल श्रम कराने के मामले में जिम्मेदार ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ बाल श्रम निषेध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को जोखिमपूर्ण कार्यों में लगाने के मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।