The DM kept a close eye on the rising water level of the Son River and reached Dehri late at night to take stock of the situation.

डेहरी/सासाराम: सोन नदी के बढ़ते जलस्तर और इससे उत्पन्न स्थिति को लेकर रोहतास जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गुरुवार देर रात जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने डेहरी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सोन नदी के जलस्तर और आसपास की स्थिति का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं सिंचाई विभाग के अभियंताओं से सोन नदी के वर्तमान जल प्रवाह और जलस्तर में हो रहे बदलाव की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने डेहरी कैनाल का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने डीएम को बताया कि वर्तमान में सोन नदी का जलस्तर घट रहा है। इंद्रपुरी बराज के सभी 69 गेट खुले हुए हैं, जबकि बराज से करीब 3 लाख 90 हजार 232 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है।

GNSU Admission Open 2026


डीएम ने निर्देश दिया कि सोन नदी और नहर के जलस्तर में होने वाले प्रत्येक बदलाव पर लगातार नजर रखी जाए। खासकर निचले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव से जुड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान डेहरी एसडीएम, सिंचाई विभाग के अभियंता समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर और जल निकासी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।