नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर देशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि यह पवित्र पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण लेकर आए।
राहुल गांधी ने भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह पर्व देशवासियों के जीवन को हर्ष और उल्लास से भर देगा।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने भगवान श्रीकृष्ण को भारतीयता और मानवता का पथप्रदर्शक बताते हुए कहा कि योगिराज श्रीकृष्ण सत्य, शक्ति, विद्या, कला, कर्म, विनय, विवेक, दया, योग और धर्म जैसे अनेक गुणों से परिपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं लोगों का मन मोहती हैं, जबकि उनके विराट स्वरूप और गीता के संदेश में मानव जीवन के लिए गहरा मार्गदर्शन निहित है।
प्रियंका गांधी ने जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण से समस्त जगत के कल्याण की प्रार्थना भी की।







