Home बिहार RJD सांसद की गाड़ी पर हमला, पीए और चालक की बेरहमी से...

RJD सांसद की गाड़ी पर हमला, पीए और चालक की बेरहमी से पिटाई

116
0
RJD MP's car attacked, PA and driver brutally beaten

गया: औरंगाबाद जिले में मंगलवार देर शाम एक बड़ा बवाल उस समय खड़ा हो गया, जब राजद सांसद अभय कुमार सिंहा उर्फ अभय कुशवाहा की गाड़ी पर हमला कर दिया गया। घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के हसनबार गांव के पास की बताई जा रही है। हमले के दौरान सांसद के निजी सहायक (पीए) और चालक के साथ मारपीट की गई, जबकि वाहन के शीशे भी तोड़ दिए गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सांसद खुद गाड़ी में मौजूद नहीं थे। जानकारी के मुताबिक, सांसद के निजी सहायक संजय कुमार, सांसद की अनुपस्थिति में मदनपुर के श्रीडीह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से लौटने के दौरान हसनबार गांव के पास संकरी सड़क पर सामने से आ रही गाड़ियों को साइड देने को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि सांसद की गाड़ी के चालक ने पहले अपनी गाड़ी पीछे कर दूसरी गाड़ी को रास्ता दिया।

इसके बाद दूल्हा पक्ष के एक वाहन को सांसद की गाड़ी के सामने खड़ा कर दिया गया, जिससे विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने सांसद की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और चालक नौलेश यादव उर्फ रौशन के साथ जमकर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे पीए संजय कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। घटना में चालक को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ-2 चंदन कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। सांसद के निजी सहायक ने बताया कि हमला करने वाले तीन लोगों की पहचान कर ली गई है। इनमें हसनबार गांव निवासी रौशन कुमार, सोनू कुमार और सुधीर कुमार शामिल हैं।

GNSU Admission Open 2026

मामले में सांसद के वाहन चालक की ओर से मदनपुर थाना में लिखित शिकायत देने की तैयारी की जा रही है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद अभय कुशवाहा ने कहा कि वह फिलहाल पटना में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उन्होंने कहा कि उनकी अनुपस्थिति में उनके निजी सहायक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, तभी वाहन पर हमला किए जाने की सूचना मिली। सांसद ने कहा कि गाड़ी पर सांसद का बोर्ड लगे होने के बावजूद हमला किया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने औरंगाबाद एसपी अंबरीश राहुल से फोन पर बात कर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सदर एसडीपीओ-2 चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बारात के दौरान गाड़ी साइड करने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और नोकझोंक हुई थी, जिसमें वाहन क्षतिग्रस्त हुआ। फिलहाल पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।