गढ़चिरौली: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में गुरुवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अहेरी और सिरोंचा तहसील के अलावा आसपास के कई गांवों में भी लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। झटकों के बाद कुछ देर के लिए लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप सुबह 4:36 बजे आया और इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र पड़ोसी राज्य तेलंगाना में करीमनगर से करीब 112 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में जमीन के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
अहेरी और सिरोंचा क्षेत्र के कई गांवों में भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग सतर्क हो गए। हालांकि, प्रशासन ने स्थिति सामान्य बताई है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी इमारत अथवा संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली है।
जिला प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय शांत रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है। गढ़चिरौली-तेलंगाना सीमा से लगे क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए जाते रहे हैं।







