Rain will continue in Chhattisgarh today, with orange alerts in 6 districts and yellow alerts in 15; monsoon will weaken from tomorrow.

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के कारण मंगलवार को भी कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 2 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में सरगुजा और रायपुर संभाग के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। बलरामपुर जिले के चांदो में सबसे ज्यादा 290 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, एमसीबी के कोटाडोल में 168 मिमी, शंकरगढ़ में 120 मिमी और रायपुर शहर में 131 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

GNSU Admission Open 2026

बारिश से टूटी पुलिया, एमपी से संपर्क कटा

लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर जनजीवन और आवागमन प्रभावित हुआ है। एमसीबी जिले के कोटाडोल में खिरकी नाला की पुलिया टूट गई है। इसके चलते कोटाडोल को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।

सामान्य बारिश के करीब पहुंचा आंकड़ा

छत्तीसगढ़ में मानसून सीजन की कुल बारिश अब सामान्य के करीब पहुंच गई है। 1 जून से 31 अगस्त तक प्रदेश में 917.1 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 933.2 मिमी है। यानी अब तक सामान्य से 16.1 मिमी या करीब 2 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

जून से सितंबर तक राज्य में औसतन 1132.3 मिमी बारिश होती है। इस औसत को पूरा करने के लिए सितंबर में अभी करीब 215.3 मिमी बारिश की जरूरत है।

रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछार

राजधानी रायपुर में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

सितंबर में देशभर में कम बारिश का अनुमान

आईएमडी के अनुसार सितंबर में देशभर में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। इस महीने बारिश दीर्घकालिक औसत (LPA) के 91 फीसदी से कम रहने का अनुमान है, जबकि सितंबर की सामान्य बारिश 167.9 मिमी है।

मौसम विभाग ने सितंबर में दिन के औसत तापमान के सामान्य से अधिक रहने का भी अनुमान जताया है। अगस्त 2026 में देश का औसत तापमान 28.01 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1901 के बाद अगस्त महीने का सबसे अधिक औसत तापमान बताया गया है। वहीं, अगस्त में रात का औसत तापमान 24.36 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इसी अवधि में अब तक का सबसे अधिक है।