The Ganges' water level is rising in Bhadohi, increasing the risk of flooding and erosion; concerns grow in low-lying areas.

भदोही: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में लगातार हो रही बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से गंगा में आ रहे पानी के कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार शाम तक गंगा के जलस्तर में रोजाना करीब 3 से 4 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जलस्तर बढ़ने से डीघ ब्लॉक के तराई क्षेत्र में बसे गांवों पर बाढ़ और कटान का खतरा मंडराने लगा है।

केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को गंगा का जलस्तर करीब 77.72 मीटर दर्ज किया गया। जिले में गंगा का चेतावनी स्तर 80.20 मीटर और खतरे का निशान 81.20 मीटर निर्धारित है। यदि जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है।

GNSU Admission Open 2026

किसानों की बढ़ी चिंता

गंगा का पानी बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ गई है। तराई क्षेत्रों में पानी पहुंचने से खेतों में खड़ी फसलों के प्रभावित होने का खतरा है। इसके साथ ही नदी किनारे कटान की आशंका भी बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिले में पिछले करीब दस दिनों से लगातार बारिश हो रही है। वहीं, ऊपरी इलाकों से पानी आने के कारण गंगा के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।

गहरे पानी में नाव संचालन से हादसे का खतरा

जलस्तर बढ़ने के बावजूद कुछ नाविक गहरे पानी में नावों का संचालन कर रहे हैं। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गहरे पानी में नावों के संचालन पर रोक लगाने और नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

प्रशासन और संबंधित विभागों की निगरानी के बीच ग्रामीणों की नजर अब गंगा के जलस्तर पर बनी हुई है। जलस्तर में लगातार वृद्धि होने की स्थिति में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।