Trouble mounts for devotees at Maa Tutla Bhawani Dham, with a return fare of ₹10 reportedly reaching ₹150.

रोहतास:-बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू स्थित प्रसिद्ध मां तुतला भवानी धाम में विकास कार्यों पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को पश्चिम बंगाल से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क और परिवहन व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।

श्रद्धालुओं का आरोप है कि मंदिर परिसर तक पहुंचने के लिए साझा वाहन का किराया महज 10 रुपये लिया जाता है, लेकिन वापसी के दौरान यही किराया बढ़ाकर 150 रुपये तक वसूला जाता है। अचानक किराए में इतनी बढ़ोतरी को लेकर श्रद्धालुओं ने नाराजगी जाहिर की।

GNSU Admission Open 2026

खराब सड़क और कीचड़ से भी परेशानी

श्रद्धालुओं के मुताबिक, मंदिर तक पहुंचने वाले रास्ते की स्थिति भी बेहतर नहीं है। बारिश के कारण कई जगहों पर कीचड़ और खराब सड़क के चलते आवागमन मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही वापसी के समय वाहनों के मनमाने किराए की शिकायत ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।

प्रशासन और वन विभाग से निगरानी की मांग

श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि वाहन चालकों पर प्रशासन और वन विभाग की पर्याप्त निगरानी नहीं होने के कारण किराए में मनमानी की जा रही है। उनका कहना है कि धार्मिक और पर्यटन स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित किराया ही लिया जाना चाहिए।

श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित करने, सड़क की स्थिति सुधारने और वाहन किराए की नियमित निगरानी की जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

मां तुतला भवानी धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए स्थानीय लोगों और यात्रियों ने भी प्रशासन से सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की है।