उदयपुर: उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने सभी 80 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की सूची सामने आने के बाद शहर में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। कांग्रेस ने अलग-अलग वार्डों में आरक्षण की श्रेणी के अनुसार उम्मीदवार उतारे हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि पीसीसी महासचिव हरीश चौधरी के निर्देश पर प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है।
कई चर्चित चेहरों पर कांग्रेस ने जताया भरोसा
कांग्रेस ने इस बार कई चर्चित नेताओं और पार्टी से जुड़े प्रमुख चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा है। वार्ड 17 से डॉ. पूनम कुमारी राठौड़ को टिकट दिया गया है। वह शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ की पत्नी हैं।
वहीं, यूथ कांग्रेस उदयपुर जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन केलावत वार्ड 2 से चुनाव लड़ेंगे। पिछले नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की ओर से महापौर पद के उम्मीदवार रहे अरुण टांक को इस बार वार्ड 3 से प्रत्याशी बनाया गया है।
इसके अलावा पंकज सुखवाल को वार्ड 45 से कांग्रेस ने मैदान में उतारा है। सुखवाल पहले भाजपा से जुड़े रहे थे, इसके बाद जनता सेना में शामिल हुए और बाद में कांग्रेस का दामन थाम लिया था।
बीजेपी की सूची का इंतजार
कांग्रेस की ओर से सभी 80 वार्डों के प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद अब निगाहें भाजपा की उम्मीदवार सूची पर टिकी हैं। भाजपा की सूची जारी होने के बाद उदयपुर नगर निगम चुनाव में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच वार्डवार मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
कांग्रेस के उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और स्थानीय स्तर पर प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार अभियान शुरू होने की तैयारी है।







