Rain in Sasaram exposes the poor drainage system, causing waterlogging in many areas.

सासाराम: बिहार के रोहतास जिले में बारिश शुरू होते ही सासाराम शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। रविवार को हुई बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में सड़कें और गलियां पानी से भर गईं। कई स्थानों पर जलजमाव इतना अधिक रहा कि सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं, जबकि कुछ इलाकों में पानी घरों और दुकानों तक पहुंच गया।

शहर के गीता घाट कॉलोनी, न्यू एरिया, पंजाबी मोहल्ला और मोहनियां समेत कई क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या सामने आई। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, दुकानदारों को भी जलजमाव के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

GNSU Admission Open 2026

हर साल खर्च के बावजूद समस्या बरकरार

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और नालियों की सफाई के नाम पर हर साल नगर निगम की ओर से बड़ी राशि खर्च की जाती है, लेकिन बारिश होते ही जलजमाव की समस्या दोबारा सामने आ जाती है।

लोगों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और पानी की निकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। इससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

पंप लगाकर पानी निकालने का काम जारी

जलजमाव से राहत दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से कई प्रभावित इलाकों में पंप लगाकर पानी निकालने का काम किया जा रहा है। हालांकि, इसके बावजूद कुछ स्थानों पर अब भी पानी जमा है और लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिल पाई है।

इस बीच रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने बताया कि शहर के कई इलाकों से जलजमाव की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर नगर आयुक्त के साथ बैठक कर समाधान के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की जाएगी।