नयी दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) के संयुक्त दीक्षांत समारोह 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति मुर्मू NIFT की आधिकारिक विजिटर भी हैं।
केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के अनुसार, NIFT के संयुक्त दीक्षांत समारोह में देशभर के 18 परिसरों के स्नातक विद्यार्थी एक साथ शामिल होकर अपनी डिग्रियां प्राप्त करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, रचनात्मकता, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथि, NIFT के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहेंगे।
NIFT के प्रत्येक परिसर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। संयुक्त दीक्षांत समारोह के बाद अलग-अलग परिसरों में डिग्री वितरण समारोह आयोजित किए जाएंगे, जहां विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से उनकी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
मंत्रालय के मुताबिक, वर्ष 1986 में केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के अंतर्गत स्थापित NIFT ने देश में फैशन शिक्षा के क्षेत्र में एक अग्रणी संस्थान के रूप में अपनी पहचान बनाई है। दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के शैक्षणिक सफर से पेशेवर जीवन की ओर बढ़ने के महत्वपूर्ण पड़ाव को भी चिह्नित करेगा।







