दरभंगा: केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे शुक्रवार को दरभंगा पहुंचे। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी के नेतृत्व में सांसद गोपाल जी ठाकुर और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग और आरा एनकाउंटर प्रकरण समेत कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम के साथ विश्वासघात करने वालों को भाजपा सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार किसी भी सूरत में नहीं बख्शेगी।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच तेजी से चल रही है और पुलिस ने अब तक कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच एजेंसियां अब राम मंदिर से जुड़े अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही हैं। मीडिया में आ रही सूचनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों को जेल भेजा जा रहा है। यदि जांच के दौरान आवश्यकता महसूस हुई तो राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की भूमिका की भी जांच की जाएगी और उसके बाद ही कोई टिप्पणी करना उचित होगा। केंद्रीय मंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी को दसवीं कक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक के पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के बलिदान के कारण ही देश में “एक देश, एक संविधान और एक निशान” की व्यवस्था स्थापित हो सकी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपने को साकार किया गया। उनका पूरा जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा। आरा में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उचित समय आने पर वह मृतक भरत भूषण तिवारी के परिजनों से भी मुलाकात करेंगे।







