नयी दिल्ली: नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई तबाही को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अलग-अलग पत्र लिखकर आपदा प्रभावित लोगों के लिए तत्काल और व्यापक मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
खरगे ने शुक्रवार को लिखे अपने दोनों पत्र शनिवार को सार्वजनिक किए। उन्होंने कहा कि नेपाल में बाढ़ के कारण बड़े पैमाने पर जन-धन की हानि हुई है और बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। आपदा से प्रभावित हजारों लोगों को भोजन, दवाइयों, सुरक्षित आश्रय और अन्य जरूरी सामान की तत्काल आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री मोदी को भेजे पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष ने भारत सरकार से नेपाल सरकार के साथ समन्वय कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक पर्याप्त राहत और मानवीय मदद पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में भारत को नेपाल के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में खरगे ने बाढ़ के कारण हुए व्यापक नुकसान पर दुख जताया। उन्होंने घरों और बुनियादी ढांचे के नष्ट होने तथा बड़ी संख्या में लोगों के विस्थापन का भी उल्लेख किया।
खरगे ने भारत और नेपाल के बीच गहरे ऐतिहासिक एवं मानवीय संबंधों का हवाला देते हुए नेपाल को व्यापक आपदा राहत सहायता देने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को तैनात करने और नेपाल सरकार के साथ समन्वय कर बचाव, निकासी तथा राहत अभियान में मदद देने की अपील की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एनडीआरएफ के पास आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों का व्यापक अनुभव है, जिसका इस्तेमाल इस संकट की घड़ी में नेपाल की सहायता के लिए किया जा सकता है। उन्होंने गृह मंत्रालय से पूरे मामले में तत्काल और संवेदनशील कदम उठाने का आग्रह किया।







