Incessant rains in Madhya Pradesh have caused rivers to overflow, blocking traffic on two major routes connecting Uttar Pradesh.

भिण्ड: मध्य प्रदेश के भिण्ड और दतिया जिलों में लगातार हो रही बारिश से पहूज और सोनभद्रिका नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदियों के उफान पर आने से मध्य प्रदेश को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले दो प्रमुख मार्गों पर रविवार शाम से आवागमन प्रभावित हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर एक मार्ग को बंद कराया, जबकि दूसरे मार्ग का रपटा पानी में डूब जाने से आवाजाही लगभग ठप हो गई।

दतिया जिले में पहूज नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद धौरका पुल के पास पानी पहुंच गया। खतरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तत्काल पुल से सभी प्रकार के आवागमन पर रोक लगा दी। पुलिस ने पुल के दोनों ओर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए लोगों और वाहनों को आगे जाने से रोक दिया है।

GNSU Admission Open 2026

भिण्ड जिले के दबोह क्षेत्र में थाना प्रभारी रवि उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुल के दोनों ओर कंटीली झाड़ियां लगाकर मार्ग को अवरुद्ध किया गया है तथा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

इधर, लहार तहसील के नरौल-देवरी मुख्य मार्ग पर सोनभद्रिका नदी का रपटा भी पूरी तरह पानी में डूब गया है। रपटे के ऊपर करीब दो से तीन फुट पानी बह रहा है, जिसके चलते इस रास्ते से वाहनों की आवाजाही बेहद जोखिम भरी हो गई है। यह मार्ग नदीगांव के पास उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़ता है और यहां से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं।

प्रशासन और पुलिस लगातार दोनों स्थानों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक पानी के तेज बहाव के बीच रपटा पार करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। रावतपुरा थाना प्रभारी परशुराम अहिरवार भी मौके की निगरानी कर रहे हैं और लोगों से जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचने की अपील की जा रही है।