अकोढ़ी गोला: रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला बाजार स्थित चांदी रोड पर गुरुवार सुबह इलेक्ट्रिक बाइक और ई-रिक्शा के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 60 से ज्यादा नई इलेक्ट्रिक बाइक और ई-रिक्शा जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की तीन गाड़ियों और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
लाखों रुपये के नुकसान की आशंका
गोदाम के प्रोपराइटर जितेंद्र कुमार के अनुसार, आग में 60 से अधिक नई इलेक्ट्रिक बाइक और ई-रिक्शा जलकर नष्ट हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। हालांकि, आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं ने बताया कि फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। दुकान मालिक की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आग लगने के कारण और नुकसान की विस्तृत जांच की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।







