कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर के कटरी क्षेत्र स्थित नत्थूपुरवा में गुरुवार दोपहर गर्ग एविएशन सेंटर का एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद चार सीटर डुअल इंजन विमान खेतों में जा गिरा। हादसे में विमान सवार इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौके पर मौत हो गई।पुलिस कमिश्नर कानपुर नगर रघुबीर लाल के मुताबिक, विमान ने ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी। करीब 11:50 बजे यह नत्थूपुरवा गांव के बाहरी इलाके में खेतों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।हादसे में जान गंवाने वाले इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे, जबकि ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी कर्नाटक के निवासी थे। विमान के क्रैश होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
DGCA करेगी हादसे की विस्तृत जांच
विमान हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। गर्ग एविएशन सेंटर के पायलट कैप्टन राजीव भल्ला ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की आंतरिक स्तर पर समीक्षा की जा रही है।पुलिस प्रशासन ने हादसे की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी है। अब डीजीसीए की विशेषज्ञ टीम विमान की तकनीकी स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
दो महीने में दूसरा हादसा, उठे विमानन सुरक्षा पर सवाल
गर्ग एविएशन सेंटर से जुड़ा यह दो महीने के भीतर दूसरा हादसा बताया जा रहा है। इससे पहले 26 जून को विमान लैंड कराने के बाद उतरते समय पायलट प्रशिक्षण ले रही दिल्ली की एक युवती प्रोपेलर की चपेट में आ गई थी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुई थी और उसे सर्वोदय नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।बताया गया है कि गर्ग एविएशन फ्लाइंग क्लब करीब 31 वर्षों से संचालित हो रहा है। लगातार सामने आए हादसों के बाद अब विमानन सुरक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, दुर्घटना की सही वजह डीजीसीए की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।







