कोलकाता: देश की प्रमुख इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और निर्माण कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) पश्चिम बंगाल में अपने कारोबार का विस्तार करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि कंपनी ने न्यू टाउन स्थित बंगाल सिलिकॉन वैली टेक हब में अपनी नई सुविधा के विस्तार के लिए करीब 10 एकड़ अतिरिक्त जमीन की मांग की है। राज्य सरकार ने इस प्रस्ताव पर उचित कार्रवाई के लिए हिडको को निर्देश दिए हैं।
न्यू टाउन में L&T के ‘आनंद निकेतन ग्लोबल सप्लाई एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कैपेबिलिटी सेंटर’ के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि कंपनी का विस्तार पश्चिम बंगाल में निवेशकों के बढ़ते भरोसे का संकेत है। उन्होंने L&T को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, L&T के चेयरमैन एस.एन. सुब्रह्मण्यन ने करीब दो महीने पहले हिडको को पत्र भेजकर अतिरिक्त जमीन की मांग की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कंपनी आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में और निवेश करेगी।
5,800 पेशेवरों के लिए तैयार हुआ सेंटर
नए सेंटर में दो टावरों में करीब 7.48 लाख वर्ग फुट का कार्यस्थल तैयार किया गया है। यहां लगभग 5,800 पेशेवरों के काम करने की क्षमता है। मुख्यमंत्री ने इसे कोलकाता और पश्चिम बंगाल की युवा एवं कुशल कार्यशक्ति में कंपनी के भरोसे का संकेत बताया।
उन्होंने कहा कि बंगाल में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली युवा हैं, लेकिन रोजगार के लिए वे दूसरे राज्यों और विदेशों का रुख कर रहे हैं। L&T जैसी कंपनियों के विस्तार से युवाओं को राज्य में ही बेहतर अवसर मिलने और प्रतिभाओं के पलायन को रोकने में मदद मिल सकती है।
AI और डिजिटल सेक्टर पर सरकार का फोकस
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल अपनी सांस्कृतिक पहचान को कायम रखते हुए वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था में प्रतिस्पर्धा कर सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार AI, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा, साइबर सिक्योरिटी, चिप डिजाइन, ऑटोमेशन और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग जैसे उभरते क्षेत्रों के अनुरूप शिक्षा और रोजगार के अवसर विकसित करने पर जोर दे रही है।
उन्होंने उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी मजबूत करने की जरूरत भी बताई, ताकि युवाओं को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुसार तैयार किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और पढ़े-लिखे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बंगाल से बाहर काम कर रहे पेशेवरों से राज्य में लौटने और यहां उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
समारोह में L&T के चेयरमैन एस.एन. सुब्रह्मण्यन समेत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।







