जौनपुर: उत्तर प्रदेश की स्टार्टअप नीति को बढ़ावा देने की दिशा में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के इंक्यूबेशन सेंटर ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की ओर से सेंटर को मान्यता का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह और इंक्यूबेशन सेंटर के कार्यकारी निदेशक प्रो. अविनाश पाथर्डीकर को प्रमाण पत्र सौंपा।
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मान्यता मिलने के बाद विश्वविद्यालय से जुड़े स्टार्टअप्स और इनक्यूबेटीज को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। उन्हें सीड फंडिंग, प्रोत्साहन राशि और स्टार्टअप विकास से जुड़ी अन्य सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी। इससे विश्वविद्यालय में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026 पुस्तिका का विमोचन किया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन पोर्टल का शुभारंभ भी किया गया। सरकार के अनुसार, स्टार्टअप नीति के तहत अब तक 107 स्टार्टअप्स को 3.42 करोड़ रुपये से अधिक और नौ इनक्यूबेटीज को 1.79 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इंक्यूबेशन सेंटर के कार्यकारी निदेशक प्रो. अविनाश पाथर्डीकर ने कहा कि यह मान्यता विश्वविद्यालय में नवाचार और उद्यमिता को संस्थागत रूप से मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। इससे पूर्वांचल के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवा उद्यमियों को अपने नए विचारों को स्टार्टअप में बदलने और उन्हें आगे बढ़ाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।







