Qatar's Prime Minister visits Tehran amid US-Iran tensions, crucial talks to be held on the Strait of Hormuz

दोहा: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच कतर के प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल सानी गुरुवार को ईरान की राजधानी तेहरान का दौरा करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और बातचीत के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने के उपायों पर चर्चा होने की संभावना है।

कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि शेख मोहम्मद तेहरान में कई वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। वार्ता का मुख्य फोकस क्षेत्रीय तनाव कम करने और कूटनीतिक बातचीत को आगे बढ़ाने पर रहेगा।

GNSU Admission Open 2026

प्रवक्ता के अनुसार, बैठक में होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। कतर इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को 28 फरवरी से पहले की स्थिति में बहाल करने की आवश्यकता पर भी जोर देगा।

फरवरी के अंत में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद शुरू हुए अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच कतर के प्रधानमंत्री की यह पहली ईरान यात्रा होगी। ऐसे में उनके दौरे को क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कूटनीतिक पहल माना जा रहा है।

अमेरिका और ईरान ने पाकिस्तान तथा कतर की मध्यस्थता में जून में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। हालांकि, होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मतभेदों के कारण समझौते के क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

पिछले महीने अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिर शुरू की थी। इसके जवाब में ईरान ने अमेरिका के सहयोगी अरब देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था। इससे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया।

ऐसे में कतर के प्रधानमंत्री का तेहरान दौरा अमेरिका और ईरान के बीच संवाद बहाल करने तथा क्षेत्र में तनाव कम करने के प्रयासों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि कतर दोनों पक्षों के बीच बातचीत के लिए आवश्यक परिस्थितियां तैयार करने में मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है।