Three Congress MLAs top the Mumbai MLA Report Card 2026

मुंबई: महाराष्ट्र में कांग्रेस के विधायक अमीन पटेल, असलम शेख और ज्योति गायकवाड़ ने प्रजा फाउंडेशन की ‘मुंबई विधायक रिपोर्ट कार्ड 2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीन स्थान हासिल किए हैं। रिपोर्ट में मुंबई से महाराष्ट्र विधानसभा पहुंचे 33 विधायकों के कामकाज का मूल्यांकन किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अमीन पटेल 82.89 अंक के साथ पहले स्थान पर रहे। असलम शेख ने 80.58 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि ज्योति गायकवाड़ 80.30 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

GNSU Admission Open 2026

रिपोर्ट तैयार करने के लिए शीतकालीन सत्र 2024 से मानसून सत्र 2025 तक की अवधि को आधार बनाया गया। इस दौरान विधायकों की सदन में भागीदारी, उपस्थिति, पूछे गए सवालों की संख्या और उनकी गुणवत्ता सहित कई मानकों पर प्रदर्शन का आकलन किया गया।

प्रजा फाउंडेशन के सीईओ मिलिंद म्हास्के ने 15वीं विधानसभा में मुंबई के विधायकों के प्रदर्शन को लेकर चिंता जताई। रिपोर्ट के अनुसार, 33 विधायकों का औसत स्कोर 55 रहा। उन्होंने बताया कि 12वीं विधानसभा में औसत स्कोर 61 था, जो 14वीं विधानसभा में घटकर 54 हो गया था। 15वीं विधानसभा में इसमें मामूली सुधार दर्ज किया गया है।

प्रजा फाउंडेशन के मैनेजर आसिफ खान ने बताया कि शीतकालीन सत्र 2024 से मानसून सत्र 2025 के बीच मुंबई के विधायकों ने कुल 2,213 सवाल पूछे। इसके मुकाबले 12वीं विधानसभा के शीतकालीन सत्र 2009 से मानसून सत्र 2010 के दौरान 7,955 सवाल पूछे गए थे। इस तरह सवाल पूछने की संख्या में करीब 72 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

आसिफ खान ने कहा कि सवालों की संख्या और गुणवत्ता में कमी का मतलब है कि नागरिकों की समस्याओं को सरकार के सामने उठाने और उनसे जवाब मांगने का एक महत्वपूर्ण माध्यम कमजोर हो रहा है।

मिलिंद म्हास्के ने कहा कि चुनाव के बाद भी जनप्रतिनिधियों की लोकतांत्रिक जवाबदेही बनी रहती है। विधायकों से अपेक्षा की जाती है कि वे जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाएं, चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी करें और नागरिकों की समस्याओं को लेकर सरकार से सवाल पूछें।