सासाराम। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सासाराम प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद सासाराम एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी और एसडीपीओ प्रभारी गौरव कुमार ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस के समय और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूसों के लिए निर्धारित समय का पालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने जानकारी दी कि ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस दोपहर 3 बजे से रात 8:30 बजे तक निकाला जाएगा। वहीं, अनंत चतुर्दशी का जुलूस दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि पूर्व के पर्व-त्योहारों की तरह इस बार भी आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन को सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। संवेदनशील स्थानों पर तैनात होंगे मजिस्ट्रेट और पुलिस बल
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीपीओ प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त हस्ताक्षर से प्रतिनियुक्ति आदेश जारी किया गया है। इसके तहत शहर के संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण इलाकों में मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। इसके अलावा एसडीएम, एसडीपीओ सहित प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा। जुलूस मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान त्योहारों के दौरान शहर में जुलूस और भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने की तैयारी की गई है। जुलूस के निर्धारित मार्गों और शहर के प्रमुख जाम संभावित स्थानों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। ट्रैफिक थाना के समन्वय से वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

GNSU Admission Open 2026

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की व्यवस्था की है। भीड़भाड़ वाले इलाकों और जुलूस के मार्गों पर विशेष नजर रखी जाएगी। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग करेंगे। सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। साइबर थाने के तहत सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए विशेष क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) का गठन किया गया है। यह टीम 24 घंटे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की भ्रामक, आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट अथवा सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध या भड़काऊ सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द के साथ आगामी त्योहार संपन्न कराने को लेकर सासाराम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।