मोहनिया (कैमूर)। पुलिस मुख्यालय, बिहार पटना के निर्देश पर मोहनिया थाना क्षेत्र में चिन्हित अपराधियों की संपत्ति और वाहनों का ब्योरा जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब चिन्हित अपराधियों की चल-अचल संपत्ति के साथ-साथ उनके नाम पर पंजीकृत वाहनों की भी जानकारी एकत्र कर रही है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद मोहनिया थाना क्षेत्र के इस्लामगंज निवासी सद्दाम गद्दी, वार्ड नंबर 11 निवासी सलामुद्दीन इदरीसी और कल्लू मियां को चिन्हित अपराधियों की सूची में रखा गया है। मुख्यालय की ओर से इन लोगों द्वारा कथित आपराधिक गतिविधियों से अर्जित चल एवं अचल संपत्ति की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। चल-अचल संपत्ति का जुटाया जा रहा रिकॉर्ड निर्देश के आलोक में पुलिस इन तीनों के नाम पर मौजूद संपत्ति की जानकारी जुटाने में लगी है। इसमें चल एवं अचल संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से संपत्ति अर्जित तो नहीं की गई है। इसके साथ ही जिला परिवहन कार्यालय, कैमूर-भभुआ से भी तीनों के नाम पर पंजीकृत वाहनों का विवरण मांगा गया है। परिवहन विभाग से प्राप्त होने वाली जानकारी के आधार पर पुलिस वाहनों से संबंधित रिकॉर्ड को भी अपनी जांच में शामिल करेगी। आर्थिक नेटवर्क पर भी पुलिस की नजर पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद अब कार्रवाई का दायरा केवल आपराधिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि चिन्हित अपराधियों की संपत्ति और आर्थिक गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस संबंधित विभागों से रिकॉर्ड प्राप्त कर पूरे मामले की जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मुख्यालय के आदेश के तहत तीनों चिन्हित अपराधियों से संबंधित संपत्ति और वाहनों का ब्योरा जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित विभागों से जानकारी प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







