Road accidents in Rohtas will be curbed, with safety measures in place at 160 danger spots; rumble strips and reflective mirrors will be installed.

रोहतास: जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों को कम करने के लिए प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत जिले के 160 संवेदनशील और डेंजर स्पॉट को चिन्हित किया गया है, जहां दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए अलग-अलग सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।

जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चिन्हित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टिव कॉन्वेक्स मिरर और साइनेज बोर्ड समेत कई सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे। योजना के तहत 82 स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, 39 स्थानों पर रिफ्लेक्टिव कॉन्वेक्स मिरर और 36 स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाए जाने हैं। इसके अलावा तीन अन्य सड़क सुरक्षा उपायों को भी कार्ययोजना में शामिल किया गया है।

GNSU Admission Open 2026

जिला प्रशासन के निर्देश पर पथ निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और अन्य संबंधित विभागों को चिन्हित स्थानों पर सुरक्षा उपकरण जल्द लगाने के लिए पत्र भेजा गया है। प्रशासन का लक्ष्य संवेदनशील मार्गों पर दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना और वाहन चालकों को पहले से सतर्क करना है।

इसी क्रम में बेदा नहर के समीप रिफ्लेक्टिव मिरर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। ये मिरर खासकर घुमावदार और ऐसे स्थानों पर उपयोगी होंगे, जहां सामने से आने वाले वाहनों को समय रहते देखना मुश्किल होता है। इससे वाहन चालकों को विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों का पहले ही अंदाजा लग सकेगा।

वहीं, रंबल स्ट्रिप वाहन चालकों को गति कम करने के लिए सचेत करेंगी, जबकि साइनेज बोर्ड आगे मौजूद खतरनाक मोड़, मार्ग या अन्य संभावित जोखिमों की जानकारी देंगे।

DTO ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें तथा निर्धारित गति सीमा, ट्रैफिक सिग्नल और सड़क संकेतों का पालन करें।

प्रशासन को उम्मीद है कि इन उपायों से जिले के संवेदनशील इलाकों में सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।