रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए अनुशासन, लगन और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं है, बल्कि आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने गुरुवार देर शाम राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में सरगुजा जिले के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर आए मेधावी छात्र-छात्राओं से मुलाकात के दौरान यह बात कही। अंबिकापुर क्षेत्र के सात शासकीय विद्यालयों के करीब 50 विद्यार्थियों से उन्होंने संवाद कर उनके अनुभव, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान निर्धारित लक्ष्य और उसे हासिल करने के लिए किया गया परिश्रम जीवन की दिशा तय करता है। कठिन मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में संभावनाएं मौजूद हैं। प्रत्येक विद्यार्थी की अपनी प्रतिभा और रुचि होती है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानकर सही लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से प्रयास करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के बाद प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है और आज राज्य में राष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान संचालित हैं। राज्य सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में नई जिज्ञासा पैदा करने के साथ उनके सपनों को विस्तार देते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों से कहा कि उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, परिश्रम और समय का सदुपयोग आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य पहचानने, ज्ञान अर्जित करने और व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देने की सलाह दी।
शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला एवं करजी तथा शासकीय सेजेस केशवपुर के विद्यार्थी शामिल हुए।
विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित विभिन्न संस्थानों का भ्रमण कर वहां की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।







