ग्रेटर नोएडा पश्चिम: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा पश्चिम में बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी गांव स्थित फर्नीचर मार्केट में गुरुवार देर रात सीएनसी लकड़ी कटिंग करने वाली दुकान में अचानक आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 13-14 अगस्त की देर रात बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी में सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन सेवा इकाई और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।
उन्होंने बताया कि अग्निशमन सेवा कर्मियों ने दुकान के अंदर फंसे अल्तमस और अमन को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। दोनों युवक उस समय मूर्छित अवस्था में थे। उन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अमन की हालत गंभीर बताई गई, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







