सासाराम। जिला पदाधिकारी रोहतास ने गुरुवार को डायट फजलगंज परिसर में नवसंचालित राजकीय डिग्री महाविद्यालय के प्राचार्य एवं जिले के पांच डिग्री महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में महाविद्यालयों में वर्ग संचालन, कर्मियों की स्थिति तथा आधारभूत संरचना समेत विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली गई। डीएम ने महाविद्यालयों में आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया। इसके लिए कार्यपालक अभियंता, एलएईओ रोहतास को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।.इस दौरान डीएम ने डायट में संचालित डीएलएड के प्रशिक्षुओं को भी संबोधित किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं की पढ़ाई बेहतर तरीके से पूर्ण कराने तथा शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश डायट के प्राचार्य को दिया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी रोहतास, डायट के प्राचार्य सहित जिले के सभी पांच डिग्री महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।







