
रोहतास। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में धौड़ाढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक CNG टेंपो से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे CNG टेंपो को भी जब्त कर लिया है।.जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम तिलौथू रोड स्थित यादव लाइन होटल के पीछे वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध CNG टेंपो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टेंपो में बनाए गए गुप्त बॉक्स ने पुलिस का ध्यान खींचा। बॉक्स को खोलकर जांच की गई तो उसके अंदर बड़ी मात्रा में देशी शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस के मुताबिक, गुप्त बॉक्स से ‘छबीली’ ब्रांड की 360 बोतल देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल की क्षमता 200 एमएल बताई गई है। इस हिसाब से बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 72 लीटर है। शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके से CNG चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रमा कुमार और दिलीप कुमार, दोनों पिता प्रसिद्ध कुमार, निवासी कजहार गांव, थाना कुंदरा, जिला कैमूर के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब और CNG टेंपो को जब्त करने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।






