Home बिहार खेलो इंडिया के तहत अस्मिता सॉफ्ट टेनिस सिटी लीग आयोजित, 100 से...

खेलो इंडिया के तहत अस्मिता सॉफ्ट टेनिस सिटी लीग आयोजित, 100 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

6
0
Asmita Soft Tennis City League organised under Khelo India, more than 100 girl players participated

सासाराम। नेकरा स्थित एबीआर फाउंडेशन स्कूल में खेलो इंडिया के तहत अस्मिता सॉफ्ट टेनिस सिटी लीग का आयोजन किया गया। एक दिवसीय प्रतियोगिता में 100 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की शुरुआत ओपन श्रेणी के मुकाबलों से हुई। फाइनल मुकाबला प्राची और अनुभव भारती के बीच खेला गया, जिसमें प्राची ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन सासाराम नगर निगम की डिप्टी मेयर सतवंती देवी, एबीआर फाउंडेशन स्कूल के निदेशक डॉ. पृथ्वी पाल सिंह, प्रबंध निदेशिका डॉ. अनुपमा सिंह और सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव धर्मवीर कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान डिप्टी मेयर समेत विद्यालय की शिक्षिकाओं ने सॉफ्ट टेनिस कोर्ट पर रैकेट थामकर बालिका खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।.डिप्टी मेयर सतवंती देवी ने कहा कि आज बालिकाएं पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्हें खेल के लिए अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।


विद्यालय की प्रबंध निदेशिका डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि विद्यालय में लगातार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। अब सॉफ्ट टेनिस की शुरुआत भी की गई है, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। विद्यालय के निदेशक डॉ. पृथ्वी पाल सिंह ने कहा कि सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।.सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव धर्मवीर कुमार सिंह ने कहा कि सॉफ्ट टेनिस बिहार में तेजी से उभरता हुआ खेल है। इस खेल के माध्यम से कई खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर भी मिले हैं। वहीं, सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन ऑफ रोहतास के सचिव रमेश मेहता ने बताया कि खेलो इंडिया के तहत आयोजित इस अस्मिता सिटी लीग में 100 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया।.मौके पर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष चंद्रशेखर कुशवाहा, सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन ऑफ पटना के सचिव रवि मेहता, खेल विभाग सासाराम की सोनी कुमारी, प्रभाकर पांडेय, एबीआर फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य सुनील सिंह, पीटीआई उज्ज्वल कुमार, संजीव कुमार, धीरेन्द्र कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

GNSU Admission Open 2026