Home बिहार कुशेश्वरस्थान के गांव में वोट का बहिष्कार, जानें क्या है वजह

कुशेश्वरस्थान के गांव में वोट का बहिष्कार, जानें क्या है वजह

289
0
Vote boycott in Kusheshwarsthan village, know the reason

दरभंगा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जहां एक ओर मतदान चल रहा है। हर तरफ से मतदाताओं के वोट करने की खबरें आ रही हैं। वहीं,  दूसरी ओर दरभंगा के कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र से वोट न करने का मामला सामने आया है। सुघराइन गांव में मतदाताओं ने नाराजगी के चलते मतदान में हिस्सा नहीं लिया। ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के बूथ संख्या 285 और 286 पर सुबह से एक भी मतदाता वोट डालने नहीं पहुंचा।

दोनों मतदान केंद्र पूरी तरह खाली पड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले ही सड़क की बदहाली को लेकर मतदान बहिष्कार की चेतावनी दी थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी नाराजगी के कारण लोगों ने मतदान से दूरी बना ली। करीब चार घंटे बीत जाने के बाद भी मतदान शुरू नहीं हुआ है। प्रशासन और स्थानीय अधिकारी लगातार लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक ग्रामीण अपने फैसले पर अड़े हैं।

GNSU Admission Open 2026

गांव के निवासी उमेश साह ने बताया कि “हमारा इलाका हसनपुर स्टेशन के पास है, लेकिन वहां पहुंचने के लिए दो नदियां पार करनी पड़ती हैं। कुशेश्वरस्थान प्रखंड मुख्यालय जाने के लिए भी कोई ठीक रास्ता नहीं है। कई वर्षों से इस दिशा में किसी जनप्रतिनिधि ने ध्यान नहीं दिया। इसलिए हमने मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।” ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क और आवागमन की समस्या दूर नहीं की जाती, तब तक वे मतदान में हिस्सा नहीं लेंगे।