
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर बिलासपुर के लोक श्रृंगार भारती गेड़ी लोक नृत्य दल को मिला है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किए गए दल के कलाकार सोमवार को संपर्क क्रांति से नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं।
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से मिले विशेष आमंत्रण के बाद लोक श्रृंगार भारती के कलाकार राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक गेड़ी लोक नृत्य की प्रस्तुति देंगे। दल का नेतृत्व लोक श्रृंगार भारती के अध्यक्ष अनिल कुमार गढ़ेवाल करेंगे।
दल के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में गेड़ी नृत्य प्रस्तुत करेंगे। 15 और 16 अगस्त को प्रस्तावित प्रस्तुतियों के दौरान विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष छत्तीसगढ़ की लोक कला और सांस्कृतिक परंपरा की झलक प्रस्तुत करने का अवसर कलाकारों को मिलेगा।
राष्ट्रपति भवन में प्रस्तुति के लिए चयनित होने पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, नगर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और विधायक धर्मजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने गेड़ी नृत्य दल को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
दल के दिल्ली रवाना होने से बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में कलाकारों और लोक संस्कृति से जुड़े लोगों में उत्साह है। राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर गेड़ी नृत्य की प्रस्तुति छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा को देश-विदेश के प्रतिनिधियों के सामने पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।






