एंटरटेनमेंट डेस्क: महेश बाबू के जन्मदिन (8 अगस्त) से ठीक पहले फिल्म का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे वाराणसी घाट पर शूट हुए एक बड़े एक्शन सीन का हिस्सा बताया जा रहा है। फिल्म के अनाउंसमेंट के बाद से ही ‘वाराणसी’ बार-बार लीक का शिकार होती रही है। पहले सेट की तस्वीरें, अनाउंसमेंट वीडियो के कुछ हिस्से और पृथ्वीराज सुकुमारन का लुक भी ऑनलाइन सामने आ चुका है। अब यह नया वीडियो सामने आने के बाद फैंस के बीच और भी एक्साइटमेंट बढ़ गई है।
वायरल हो रहे इस वीडियो में महेश बाबू खून से लथपथ नजर आ रहे हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह फिल्म के किसी बड़े एक्शन सीन का हिस्सा हो सकता है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इस वीडियो की सच्चाई पर कोई बयान नहीं दिया है।
इससे पहले भी फिल्म के ‘उग्रभट्टी गुफा’ वाले सीन से जुड़ा एक लीक सामने आया था, जिसे पोस्टर्स और अनाउंसमेंट वीडियो में थोड़ी झलक के तौर पर दिखाया गया था। उस सीन में बड़े-बड़े पत्थर, नक्काशीदार खंभे और ब्लू-स्क्रीन सेटअप नजर आया था, जिससे साफ था कि इसमें भारी वीएफएक्स का इस्तेमाल किया जाएगा।
अनाउंसमेंट वीडियो में ‘छिन्नमस्ता देवी’ की एक झलक भी दिखाई गई थी, जिससे यह गुफा वाला सीन फिल्म का सबसे खास हिस्सा माना जा रहा है।
लगातार हो रहे इन लीक्स की वजह से ‘वाराणसी’ इन दिनों काफी चर्चा में है। यह फिल्म अभी प्रोडक्शन में है और अब तक इसकी कई तस्वीरें और वीडियो आधिकारिक रिलीज से पहले ही सामने आ चुके हैं। राजामौली ने हाल ही में फिल्म के बारे में बताया था कि ‘वाराणसी’ एक बड़ी एडवेंचर फिल्म होगी, जिसकी कहानी वाराणसी से शुरू होकर अंटार्कटिका, अफ्रीका और प्राचीन रोम तक जाएगी। इसमें टाइम-ट्रैवल का एंगल भी होगा और कहानी फिर से वाराणसी में आकर खत्म होगी।
फिल्म की करीब 80% शूटिंग पूरी हो चुकी है और बड़े एक्शन सीन भी शूट हो गए हैं। बाकी शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम साथ-साथ चल रहा है।इस फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन नजर आएंगे। यह राजामौली और महेश बाबू की पहली फिल्म है। फिल्म के कुछ खास सीन IMAX कैमरों से शूट किए जा रहे हैं, ताकि इसका स्केल और भी बड़ा दिखे। ‘वाराणसी’ 7 अप्रैल 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।







