पटना: पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर एक चाय विक्रेता के साथ मारपीट और बदसलूकी का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि चाय पिलाने के बाद दुकानदार ने जब पैसे मांगे तो पुलिसकर्मी भड़क गए और उसके साथ सरेआम मारपीट कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीड़ित खुद अपनी आपबीती बता रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में फोरलेन के पास स्थित एक चाय दुकान की है। आरोप है कि पुलिस वाहन से पहुंचे कुछ पुलिसकर्मियों ने दुकान पर चाय पी। जब चाय विक्रेता ने उनसे चाय के पैसे मांगे तो पुलिसकर्मी अपना आपा खो बैठे। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले दुकानदार के साथ गाली-गलौज की और फिर वर्दी का रौब दिखाते हुए उसे एक के बाद एक कई थप्पड़ मार दिए। यह पूरा घटनाक्रम देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद यहीं नहीं रुका। पुलिस वाहन में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर चाय विक्रेता के साथ सरेआम मारपीट की। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मी दुकानदार को गालियां देते हुए घसीटकर अपने साथ ले जाने लगे। जानकारी के अनुसार, मौके पर बख्तियारपुर थाना में तैनात एक जमादार और दो होमगार्ड भी मौजूद थे।
घटना के बाद चाय विक्रेता का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह आरोप लगा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी पिटाई कर उसका सिर फोड़ दिया। पीड़ित का कहना है कि उसने सिर्फ चाय के पैसे मांगे थे। उसने सवाल उठाया कि क्या चाय का पैसा मांगना अपराध है, जो उसके साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की गई। उसने पूरे सिस्टम पर भी सवाल खड़े किए हैं।
मामले पर बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष देवानंद शर्मा ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी। एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







