हरिद्वार: उत्तराखंड में चल रही कांवड़ यात्रा के पहले दिन गुरुवार सुबह गंगा की तेज धारा में बह रहे एक किशोर को एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई कर सुरक्षित निकाल लिया।
एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार, हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान टीम ने गंगा नदी में डूब रहे मयंक शर्मा (16 वर्ष), पुत्र चंद्रशेखर शर्मा, निवासी सेक्टर-45, नोएडा (उत्तर प्रदेश) को सकुशल सुरक्षित बाहर निकाला। टीम की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं दक्ष रेस्क्यू कौशल के चलते एक संभावित हादसा टल गया।
इससे पहले बुधवार को भी जनपद पौड़ी के कोटद्वार में गुरुपुर क्षेत्र में एक 12 वर्षीय बालक नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने के कारण नदी के बीच फंस गया। एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल कर परिजनों के सुपुर्द किया। इस बालक की पहचान प्रिंस (उम्र 12 वर्ष), निवासी धुर्वेपुर, कोटद्वार, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई थी।







