Home राष्ट्रीय श्री दुर्ग्याणा मंदिर की माता धनवंत कौर धर्मशाला का होगा कायाकल्प, पंजाब...

श्री दुर्ग्याणा मंदिर की माता धनवंत कौर धर्मशाला का होगा कायाकल्प, पंजाब सरकार ने मंजूर किए 7 करोड़

14
0
Mata Dhanwant Kaur Dharamshala of Shri Durgiana Temple will be renovated, Punjab government has approved Rs 7 crore.

अमृतसर: पंजाब सरकार ने अमृतसर स्थित श्री दुर्ग्याणा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी देते हुए माता धनवंत कौर धर्मशाला के नवीनीकरण तथा कर्मचारियों के लिए नए आवास निर्माण हेतु कुल लगभग सात करोड़ के अनुदान को स्वीकृति प्रदान की है। श्री दुर्ग्याणा मंदिर कमेटी की अध्यक्ष पूर्व मंत्री प्रो लक्ष्मीकांता चावला ने बुधवार को बताया कि सरकार ने माता धनवंत कौर धर्मशाला की मरम्मत और व्यापक नवीनीकरण के लिए तीन करोड़ रूपये का अनुदान स्वीकार कर लिया है। निर्माण कार्य का दायित्व लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपा गया है। विभाग ने आवश्यक व्यय अनुमान तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेज दिया है, जिससे परियोजना पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।


इसके अलावा, मंदिर परिसर के श्मशानघाट स्थित छोटे कमरों में लंबे समय से रह रहे करीब 30 कर्मचारियों के लिए नए आवासीय क्वार्टरों के निर्माण हेतु भी लगभग चार करोड़ रूपये का अनुदान मंजूर किया गया है। मंदिर कमेटी का कहना है कि इन कर्मचारियों को लंबे समय से अत्यंत कठिन परिस्थितियों में रहना पड़ रहा था और नई आवासीय सुविधा से उन्हें बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध होगा।

GNSU Admission Open 2026


श्री दुर्ग्याणा मंदिर कमेटी ने इन विकास कार्यों के लिए पंजाब सरकार तथा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है। कमेटी ने कहा कि सरकार ने धर्मशाला और कर्मचारियों के आवास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता देकर श्रद्धालुओं और कर्मचारियों दोनों के हितों का ध्यान रखा है।


कमेटी ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पंजाब सरकार मंदिर परिसर और उसके आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए अधिक से अधिक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी तथा प्रस्तावित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाएगा।