Home राष्ट्रीय प्रयागराज में साड़ी शोरूम में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

प्रयागराज में साड़ी शोरूम में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

19
0
A massive fire broke out in a saree showroom in Prayagraj, a major accident was averted.

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित सुभाष चौराहे के पास रविवार रात एक साड़ी शोरूम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे सुभाष चौराहे के निकट स्थित श्री पहनावा कलेक्शन साड़ी सेंटर से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें भी उठने लगीं। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी।


सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शोरूम के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर भीड़ को हटाया। इसके बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। लगभग आधे घंटे के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, आग ऊपरी मंजिल तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। शोरूम के ऊपर पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा संचालित होती है। यदि आग ऊपरी मंजिल तक फैल जाती तो व्यापक नुकसान होने की आशंका थी।

GNSU Admission Open 2026


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले शोरूम के भीतर से धुआं निकलता दिखाई दिया और उसके बाद आग की लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


रविवार होने के कारण शोरूम बंद था और उस समय अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से शोरूम में रखा साड़ियों का स्टॉक, फर्नीचर तथा अन्य सामान क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा।