Home राष्ट्रीय सहकारिता क्षेत्र बना सामाजिक-आर्थिक बदलाव का सशक्त माध्यम: मोहोल

सहकारिता क्षेत्र बना सामाजिक-आर्थिक बदलाव का सशक्त माध्यम: मोहोल

20
0
Cooperative sector has become a powerful medium for socio-economic change: Mohol

जयपुर: केन्द्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र देश के सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। श्री मोहोल शनिवार को यहां एचसीएम रीपा में भारत टैक्सी के शुभारम्भ कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सहकारिता अब केवल ऋण और साख समितियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि कृषि, डेयरी, मत्स्य, बीमा, निर्यात और परिवहन सहित अनेक क्षेत्रों में आमजन के सशक्तीकरण का आधार बन रही है। सहकारिता आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बन चुकी है।


उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में स्वतंत्र सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के बाद देश में सहकारिता क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। पिछले पांच वर्षों में मंत्रालय द्वारा पैक्स के कम्प्यूटरीकरण, ई-पैक्स व्यवस्था, बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के विस्तार तथा किसानों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए नई संस्थाओं का गठन शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी सहकारिता मंत्रालय की एक अभिनव पहल है, जिसमें ‘सारथी ही मालिक’ की अवधारणा को साकार किया गया है। इस व्यवस्था में टैक्सी चालक केवल सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि सहकारी संस्था का सदस्य और भागीदार भी होगा। उसे यात्रा का भुगतान सीधे प्राप्त होने के साथ-साथ संस्था के लाभांश में भी हिस्सेदारी मिलेगी।

GNSU Admission Open 2026


उन्होंने कहा कि अब तक देशभर में लगभग 8 लाख सारथी और 41 लाख ग्राहक इस सेवा से जुड़ चुके हैं तथा प्रतिदिन करीब 11 हजार यात्राएं इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित हो रही हैं। दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र के बाद अब राजस्थान में इस सेवा का शुभारंभ हुआ है तथा आने वाले समय में इसे देश के 500 शहरों तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में राजस्थान की उपलब्धियों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान आज देश में सहकारिता में नवाचारों के लिए आदर्श बनकर उभरा है, जो अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के क्रियान्वयन में राजस्थान प्रथम स्थान पर है। वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत 200 गोदामों में से 120 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। साथ ही, राज्य में 5 हजार 600 से अधिक पैक्स का ई-पैक्स में रूपांतरण किया जा चुका है तथा इन पर 10 करोड़ से अधिक ऑनलाइन लेनदेन संपन्न हो चुके हैं, जो देश में सर्वाधिक हैं।


उन्होंने कहा कि राजस्थान में लगभग 4 हजार 900 पैक्स बहु-व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ चुके हैं तथा सामान्य सेवा केंद्र, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र, किसान उत्पादक संगठन और जन औषधि केंद्र जैसी सेवाएं गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही हैं। साथ ही लगभग 6 हजार 750 पैक्स भारतीय बीज सहकारी समिति (बीबीएसएसएल) के सदस्य बन चुके हैं, जो देश में सर्वाधिक हैं।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के आग्रह पर बीबीएसएसएल की टिशू कल्चर प्रयोगशाला की स्थापना के लिए 50 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के तत्काल निर्देश दिए, यह सहकारिता क्षेत्र के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राज्य के सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि श्री शर्मा के नेतृत्व में सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गत जुलाई को नई दिल्ली के भारत मंडपम में सहकारिता मंत्रालय के स्थापना दिवस समारोह में राजस्थान को सहकार सदस्यता अभियान, अन्न भंडारण योजना, ई-पैक्स गठन, पैक्स के कम्प्यूटरीकरण सहित अनेक नवाचारों में देश में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर एकमात्र राज्य के रूप में प्रतिनिधित्व का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


कार्यक्रम में सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव द्वारा आरसीडीएफ, नगर निगम, जयपुर मेट्रो एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया। इस दौरान छह सर्वश्रेष्ठ सारथियों को शेयर प्रमाण पत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने भारत टैक्सी के 100 से अधिक कैब, बाइक और ऑटो के समूह को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।