
उज्जैन: मुंबई मंडल में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने से पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कई यात्री ट्रेनें प्रभावित हुईं। इस चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद रतलाम मंडल ने त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय और सुनियोजित कार्यप्रणाली के माध्यम से हजारों यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल, सुरक्षित यात्रा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर संवेदनशील यात्री प्रबंधन का उदाहरण प्रस्तुत किया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने आज बताया कि यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंडल प्रशासन ने वाणिज्य, परिचालन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से व्यापक राहत एवं सहायता व्यवस्था सुनिश्चित की। वरिष्ठ अधिकारियों ने लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए प्रत्येक स्टेशन पर आवश्यक निर्देश जारी किए, जिससे यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो।
उन्होंने बताया कि परिचालन संबंधी परिस्थितियों के कारण शुक्रवार को ट्रेन संख्या 09006 भिवानी–मुंबई स्पेशल तथा 02199 झांसी–बांद्रा टर्मिनस स्पेशल को रतलाम स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया गया। इन ट्रेनों के लगभग 5,000 यात्रियों को ट्रेन संख्या 09066 स्पेशल, 12240 तथा अन्य उपयुक्त ट्रेनों में व्यवस्थित रूप से समायोजित कर उनके गंतव्य तक आगे की यात्रा सुनिश्चित की गई।
उन्होंने बताया कि रतलाम, मेघनगर, दाहोद, नामली, बामनिया, नागदा, थांदला रोड और लिमखेड़ा सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर प्रभावित यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल, चाय तथा अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई। यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म और कोच तक पहुंचाने, सुरक्षित बोर्डिंग, भीड़ नियंत्रण तथा यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार सक्रिय रहे। विभिन्न स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कर्मचारियों की भी तैनाती की गई। इस दौरान रेलवे प्रशासन को विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सराहनीय सहयोग मिला। जल सेवा जनशक्ति संस्थान, रतलाम और मानव सेवा समिति ब्लड बैंक ने 23 जुलाई की रात दो ट्रेनों के यात्रियों को 600 भोजन पैकेट और 600 पानी की बोतलों का वितरण किया। इनरव्हील क्लब ऑफ रतलाम तथा दाऊदी बोहरा समाज ने रतलाम स्टेशन पर पोहा, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
इसी प्रकार श्री सतकृपा सत्संग परिवार सेवा ट्रस्ट, दाहोद ने बृजेश खंडेलवाल के सहयोग से 23 और 24 जुलाई को दाहोद स्टेशन पर यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल, पोहा, केला और बिस्कुट वितरित किए। राष्ट्रीय हिन्दू संघ द्वारा लिमखेड़ा स्टेशन पर मगोड़े और खिचड़ी का वितरण किया गया।
वहीं, मेघनगर के स्थानीय जैन समाज एवं कृष्णा फॉस्फेट लिमिटेड ने यात्रियों को केला, पेयजल और बिस्कुट उपलब्ध कराए। जैन समाज ने मेघनगर स्टेशन पर एक हजार से अधिक यात्रियों को दाल-चावल, रोटी-सब्जी और दाल-बाफले सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ वितरित किए। नागदा स्टेशन पर भी विभिन्न सामाजिक संगठनों ने यात्रियों को पानी और भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए।






