मुरैना: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा कस्बे में नशे की लत से परेशान एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान सर्वेश राठौर (20) निवासी गांधी नगर पोरसा के रूप में हुई है। बताया गया है कि मृतक युवक ने शुक्रवार को आत्महत्या करने से पूर्व एक वीडियो बनाकर अपने इंस्ट्राग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी आत्महत्या का कारण नशे की लत लगना कहा है।
वीडियो में उसने कहा है कि वह पिछले चार वर्षों में नशे पर करीब दस से बारह लाख रुपए खर्च कर चुका है और उससे नशे की लत नहीं छूटती ओर वह उसका आदी हो चुका है। पुलिस के अनुसार मृतक युवक ने वीडियो में स्पष्ट तौर पर पोरसा के एक मेडिकल स्टोर्स को जिम्मेदार बताया है जहां से वह नशे के इंजेक्शन खरीदता था, उसने पुलिस से उस मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ कार्रवाई करने काे भी कहा जिससे अन्य युवा नशे की आदत में न पड़ें।
पुलिस ने वीडियो पर से संज्ञान लेकर उक्त मेडिकल स्टोर्स को सील कर दिया है ओर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस वीडियो की भी तकनीकी स्तर से जांच कर रही है।







