बहराइच: उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में गुरुवार सुबह एक युवक ने अपनी मां की कुल्हाड़ी का प्रहार कर हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार, थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र के ग्राम पुरैना निवासी छैलू (27) ने कथित तौर पर अपनी मां कन्या देवी (52) पत्नी भगवानदीन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है।
प्रारंभिक जांच में मृतका के बाएं पेट तथा बाएं हाथ पर गहरे कट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि हमलावर ने शरीर के विभिन्न हिस्सों पर वार करने के बाद गर्दन पर भी हमला किया। हालांकि, चोटों के वास्तविक क्रम और मृत्यु के सटीक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए तथा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पुत्र को तत्काल हिरासत में ले लिया गया है।
थानाध्यक्ष संदीप द्विवेदी ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। जांच में प्राप्त साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







