नयी दिल्ली: लोक सभा में गुरुवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक और विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। पूर्वाह्न 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस, द्रमुक, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी सदस्य अपने-अपने स्थानों पर खड़े होकर शोरगुल करने लगे। कई सदस्य सदन के बीचोबीच आ गये।कुछ सदस्य तख्तियां लिये थे।
इसी बीच सत्ता पक्ष के सदस्य भी अपने-अपने स्थानों पर खड़े होकर शोरगुल करने लगे। शोरगुल और हंगामा देखकर अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इस तरह शोरगुल करने से किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। सरकार पेपर लीक पर सदन में चर्चा कराने को तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रश्न काल चलने दीजिए। प्रश्न काल के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के लोग उनके चैम्बर में आयें और बातचीत से कोई समाधान निकाला जाये। नियमों के तहत हर विषय पर चर्चा करायी जायेगी।
शोरगुल थमता न देखकर उन्होंने कहा कि सदस्य सदन की कार्यवाही चलने देना नहीं चाहते। उन्होंने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। गौरतलब है कि सोमवार को संसद के मानसून सत्र के शुरू होने के बाद से ही पेपर लीक और प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में विपक्ष के हंगामे के कारण लोक सभा में कोई कामकाज नहीं हो सका है।







