सासाराम। 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को मॉडल सदर अस्पताल, सासाराम के परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के 500 टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक आहार युक्त फूड बास्केट (पोषण किट) का वितरण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पाण्डेय एवं सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने संयुक्त रूप से किया।

इस दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि देश को टीबी मुक्त बनाने के लिए नियमित दवा के साथ मरीजों को बेहतर पोषण मिलना भी जरूरी है। निक्षय मित्र पहल और 100 दिवसीय विशेष अभियान के माध्यम से जिले के टीबी मरीजों को हरसंभव सहायता और पोषण सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त ने टीबी मरीजों से नियमित रूप से दवा लेने और पौष्टिक आहार का सेवन करने की अपील की।
अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए सक्षम लोगों से आगे आकर टीबी मरीजों की मदद करने और निक्षय मित्र बनने की अपील की। मौके पर मॉडल सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आसीत रंजन, संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.के. पुष्कर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अजय कुमार सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मरीज मौजूद रहे।







