मुंबई: अभिनेत्री काजल अग्रवाल और अभिनेता श्रेयस तलपड़े ने अपनी आगामी फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ से जुड़े #आपकी थाली में क्या है चैलेंज के जरिए फूड सेफ्टी और खाद्य पदार्थों में मिलावट जैसे मुद्दों पर लोगों का ध्यान आकर्षित करने की पहल की है।दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया पर अपने भोजन की तस्वीरें साझा करते हुए लोगों से यह सोचने का आग्रह किया है कि उनकी थाली तक पहुंचने वाला भोजन कितना सुरक्षित है।
काजल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया, जबकि श्रेयस तलपड़े ने लोगों से जागरूक उपभोक्ता बनने और इस मुहिम में शामिल होने की अपील की।
इस चैलेंज के तहत लोगों को अपने भोजन की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर मित्रों और परिवार के सदस्यों को भी नामित करना है, जिससे खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूकता का दायरा बढ़ सके। काजल अग्रवाल ने इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु और रकुल प्रीत सिंह को भी चैलेंज के लिए नामित किया है।
फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ कीटनाशक आधारित खेती और उससे जुड़े प्रभावों पर केंद्रित है। फिल्म की टीम का कहना है कि वह इस विषय को केवल फिल्म तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे जनचर्चा का विषय बनाकर लोगों को अपने भोजन की सुरक्षा के प्रति सजग करना चाहती है।
ज़ी स्टूडियोज़ और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसके लेखक और निर्माता सागर बी. शिंदे हैं। यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।







