नयी दिल्ली: कांग्रेस ने कहा है कि खुदरा महंगाई 17 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है और आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस महासचिव और संचार विभाग प्रभारी जयराम रमेश ने मंगलवार को जून महीने में खुदरा महंगाई के 17 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने को लेकर मोदी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों का सार झूठे वादों, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के रूप में सामने आया है।
श्री रमेश ने कहा कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार जून में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.38 प्रतिशत हो गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह 4.74 प्रतिशत दर्ज की गई है। उनके अनुसार लगातार बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है और लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च उठाना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ने के साथ बैंकों की ब्याज दरों में वृद्धि की आशंका भी जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो घर और वाहन ऋण लेने वाले मध्यम वर्ग के लोगों पर ईएमआई का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों का लाभ केवल बड़े पूंजीपतियों को मिल रहा है, जबकि आम जनता महंगाई और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि मुनाफा पूंजीपतियों की जेब में जा रहा है और बोझ आम जनता की पीठ पर पड़ रहा है। श्री रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से महंगाई के मुद्दे पर जवाब देने और आम लोगों की परेशानियों का समाधान निकालने की मांग की है।







