ऋषिकेश में 21.91 ग्राम स्मैक के साथ सहारनपुर का युवक गिरफ्तार
Youth from Saharanpur arrested in Rishikesh with 21.91 grams of smack

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 21.91 ग्राम स्मैक के साथ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन और 290 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी

GNSU Admission Open 2026

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। बीती शाम पुलिस टीम ऋषिकेश के बाईपास रोड पर योगनगरी रेलवे स्टेशन से आगे एआरटीओ कार्यालय के पास गंगानगर रेलवे अंडरपास की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर निगरानी कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर एक व्यक्ति घबरा गया और जंगल तथा रेलवे ट्रैक की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और जंगल के भीतर करीब 30 मीटर की दूरी पर उसे पकड़ लिया।

तलाशी में बरामद हुई स्मैक

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास मौजूद गत्ते की एक डिब्बी में रखी पारदर्शी पन्नी से 21.91 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा एक सैमसंग मोबाइल फोन और 290 रुपये नकद भी मिले।

पूछताछ में आरोपी की पहचान खुर्रम (38), पुत्र इनाम, निवासी शेखपुरा कदीम, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर ऋषिकेश कोतवाली में उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

नशे के नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब आरोपी से बरामद मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसके अवैध कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस के मुताबिक, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ऋषिकेश में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को इसी अभियान का हिस्सा बताया गया है।