Home राष्ट्रीय रायपुर को मिली बड़ी रेल परियोजना, 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए ₹175...

रायपुर को मिली बड़ी रेल परियोजना, 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए ₹175 करोड़ की होमिंग सुविधा मंजूर

18
0
Raipur bags major rail project, ₹175 crore homing facility approved for 250 electric locomotives

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को भारतीय रेलवे ने बड़ी सौगात देते हुए 250 थ्री-फेज इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाओं के विकास हेतु 175 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर स्थित हाई हॉर्स पावर (एचएचपी) डीजल शेड में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव और परिचालन के लिए आधुनिक अवसंरचना विकसित की जाएगी।


रेलवे के अनुसार होमिंग सुविधा का आशय किसी लोकोमोटिव को ऐसे शेड में स्थायी रूप से आवंटित करने से है, जो उसके प्राथमिक रखरखाव केंद्र के रूप में कार्य करता है। यहां निर्धारित अंतराल पर सुरक्षा निरीक्षण, नियमित मेंटेनेंस तथा तकनीकी देखभाल की जाती है, जिससे लोकोमोटिव का सुरक्षित एवं दक्ष संचालन सुनिश्चित हो सके।
रेलवे ने बताया कि इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव बेड़े में लगातार हो रहे विस्तार तथा माल एवं यात्री परिवहन की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना स्वीकृत की गई है। अतिरिक्त होमिंग सुविधाएं विकसित होने से रायपुर डिपो के मौजूदा संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा और भविष्य में तकनीकी विस्तार के लिए भी पर्याप्त आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी।

GNSU Admission Open 2026


इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना अभूतपूर्व गति से सशक्त हो रही है। रायपुर में 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाओं के निर्माण हेतु 175 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक आभार।”


मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “यह महत्वपूर्ण परियोजना माल एवं यात्री परिवहन की दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ लोकोमोटिव रखरखाव क्षमता को भी सुदृढ़ करेगी। साथ ही यह छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख रेल, औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी।”