बेतिया: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा पर भंगहा थाना क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने 75.3 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एसएसबी 44वीं वाहिनी के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि सूचना के आधार पर नरकटियागंज क्षेत्र के “सी” समवाय पचरौता के अंतर्गत पचरौता तीन मोहानी ब्रिज के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या-429 से लगभग 2.7 किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में मंगलवार की देर रात संयुक्त नाका लगाया गया था।
इसी दौरान नेपाल की ओर से सिर पर बोरी लेकर भारत में प्रवेश कर रहे एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई।उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान बोरी से 75.3 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्कर की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के खैरवा टोला, दमरपुर निवासी रविंद्र यादव के रूप में की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में तस्कर ने स्वीकार किया कि वह गांजा की खेप नेपाल से भारत में बिक्री के लिए ला रहा था। बरामद गांजा और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भंगहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।







