अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमकी गांव में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों और एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक बालिका गंभीर रूप से झुलस गई।
पुलिस से मंगलवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब सागर (5), रानी (9) और श्रद्धा (12) आम बीनने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान बैल चरा रहा राम साय (36) भी वहां पहुंच गया। तभी अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में चारों आ गए।
हादसे में सागर (5), रानी (9) और राम साय (36) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सागर की बड़ी बहन श्रद्धा (12) गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, सोमवार शाम रायगढ़ जिले में भी मौसम ने अचानक करवट ली और गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई।
इस बीच, मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी वर्षा की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो जाएगा। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है।







